भास्कर न्यूज | बारां जिले में 28 अप्रैल से प्रारंभ किया एलईडी मोबाइल वैन आधारित 15 दिवसीय ग्राम रथ अभियान से प्रदेश सरकार की योजनाओं और विकास कार्यो की आमजन को जानकारी दी जा रही है। संध्या चौपाल एवं कला जत्था के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीणों के सुझावों के लिए रथों पर सुझाव पेटिका रखी है। गुरूवार को ग्रामीण बहुल विधानसभा क्षेत्र अंता में पलसावा, बिजौरा, बूंदी, बमूलिया कलां व बड़वा, बारां-अटरू में नारेड़ा व पाठेड़ा, किशनगंज में पीपल्दाकलां, ब्रजनगर, सेवनी व बरूनी एवं छबड़ा में मौखमपुरा, राई, खेड़लाजागीर, देवरीजोध एवं गोरधनपुरा में ग्राम रथों से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर आमजन को जागरुक किया। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संदेश प्रसारित किए। लोक कलाकारों ने शाम के समय को गांवों में संध्या चौपाल’ में कला जत्था के माध्यम से योजनाओं को गीतों और नाटकों के जरिए समझाया। आज यहां पहुंचेंगे ग्राम रथ शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र अंता में जयनगर, मिर्जापुर, चहेड़िया, मानपुरा व सोरसन, बारां-अटरू में मण्डोला, बराना, किशनगंज में गरड़ा, बकनपुरा, खांखरा, खंडेला व रामपुर टोडिया एवं छबड़ा में काल्पाजागीर, सारथल, भावपुरा एवं बिलेंडी में ग्राम रथों से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे।