राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) नई दिल्ली एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा) जयपुर के निर्देशानुसार संचालित विलेज अंडर नालसा 60 डेज मेगा ड्राइव अभियान के तहत ग्राम नया अचला में जनसंपर्क शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश ओमी पुरोहित के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में प्राधिकरण सचिव ललित पुरोहित, पटवारी नरपतसिंह, प्रधानाध्यापक गोपाललाल, ग्राम विकास अधिकारी हिंगलाजदान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सचिव ललित पुरोहित ने ग्रामीणों को निशुल्क विधिक सहायता व जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 21 की व्याख्या करते हुए बताया कि जीवन के अधिकार का तात्पर्य केवल जीवित रहना नहीं, बल्कि मानवीय गरिमा के साथ जीना है। सर्वोच्च न्यायालय ने इसके तहत स्वच्छ पर्यावरण, स्वास्थ्य और आजीविका के अधिकार को भी मौलिक अधिकार माना है। डॉन योजना से नशामुक्ति का संकल्प, स्कूल का किया निरीक्षण : सचिव पुरोहित ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नया अचला का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जांची और विद्यार्थियों को नालसा की डॉन योजना की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों व ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए जीवनभर नशा न करने का संकल्प दिलवाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशीले पदार्थों की रोकथाम तथा पीडितों और उनके परिवारों को पुनर्वास व विधिक सहयोग प्रदान करना इस योजना का मुख्य ध्येय है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि ग्राम में संचालित विधिक सहायता क्लिनिक के माध्यम से अभियान की नियमित निगरानी की जाएगी तथा प्रगति रिपोर्ट उच्च स्तर पर भेजी जाएगी। आमजन से किसी भी कानूनी समस्या में निशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने का आह्वान किया गया।