ग्राम पंचायत नारायण खेड़ा में सरपंच चुनाव के दौरान टेंडर वोट की पर्ची को लेकर विवाद हो गया। एक प्रत्याशी ने मतदान प्रक्रिया में पक्षपात का आरोप लगाते हुए आपत्ति जताई। उसका आरोप था कि टेंडर वोट की पर्ची मतपेटी में डालने के बजाय जेब में रखी जा रही थी। इस पर मतदान केंद्र पर बहस शुरू हो गई और हंगामे के चलते करीब आधे घंटे मतदान बंद रहा। इधर, मतदान केंद्र के बाहर मतदाताओं की कतार लग गई। सूचना मिलने पर तहसीलदार एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी अब्दुल हफीज और थानाधिकारी प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की समझाइश की। विवाद के बाद प्रशासन ने पोलिंग पार्टी बदलने का निर्णय लिया। नई टीम के पहुंचने और व्यवस्था संभालने के बाद मतदान फिर शुरू कराया गया। एसडीएम पूजा मीणा ने बताया कि विवाद के बाद पोलिंग पार्टी बदल दी गई। नई टीम ने नियमानुसार मतदान प्रक्रिया प्रारंभ करवाई। डीएसपी सत्यनारायण गोदारा ने बताया कि टेंडर वोटिंग के दौरान दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। अधिकारियों की समझाइश पर मामला शांत हुआ। पंचायत में सरपंच-पंच के चुनाव को लेकर लोगों की लाइनें लगी रही। इस कारण निर्धारित समय बीतने के बाद भी देर रात तक वोटिंग चलती रही। भवानीमंडी क्षेत्र के गुराड़िया माना गांव में करीब 10 बजे तक मतदान चला। इधर, मनोहरथाना क्षेत्र की गरबोलिया व बड़बद पंचायत में रात 8 बजे तक लोगों ने लाइन में लगकर वोट डाले।