भास्कर न्यूज | झालावाड़ लेसिया स्मार्ट किड्स स्कूल की छात्रा युसरा खान ने इंडियन टेलेंट ओलिंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्टेट टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। इस उपलब्धि पर उसे गोल्ड मेडल और स्कॉलरशिप से सम्मानित किया गया। कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए युसरा का सम्मान किया। विद्यालय ने इसे स्कूल, अभिभावकों और पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया। विद्यालय अध्यक्ष बाबू यूसुफ खान ने कहा कि यह उपलब्धि युसरा की मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के विद्यार्थी आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे। सीबीएससी डायरेक्टर प्रभात कुमार सक्सेना ने कहा कि युसरा की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व निरंतर प्रयास का श्रेष्ठ उदाहरण है। प्रिंसिपल शालिनी पारीक ने कहा कि युसरा ने पूरे राज्य में विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यालय परिवार ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी अध्यापकों ने भी युसरा को शुभकामनाएं देते हुए उसकी सफलता का श्रेय मेहनत, लगन और नियमित अभ्यास को दिया।