भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा पंडेर उपतहसील मुख्यालय के नए बस स्टैंड पर समाज की ओर से स्थापित ज्योतिबा फुले की मूर्ति के अनावरण में खींचतान नजर आई। कुछ माह पहले समस्त पंडेर माली समाज ने ज्योतिबा फूले की मूर्ति स्थापित की थी। शनिवार को इसका अनावरण समाज के लोगों की ओर से ही करना था, लेकिन समाज के कुछ लोगों ने विधायक गोपीचंद मीणा को बिना समाज के लोगों से रायशुमारी के अनावरण करने का निमंत्रण दे दिया। इससे नाराज पंच-पटेलों ने तय समय 11 बजे से करीब पौने तीन घंटे पहले सुबह​ सवा आठ बजे ही मूर्ति का अनावरण कर दिया। बताया कि समय के हिसाब से विधायक सुबह 11 बजे पंडेर तो आए, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहंुचे। पंडेर माली समाज मंडल के वरिष्ठ सदस्य जगदीश चन्द्र माली ने बताया कि बस स्टैंड पर मूर्ति स्थापना समाज के खर्च से हुई। समाज के कुछ लोगों ने सभी सदस्यों से रायशुमारी किए बिना विधायक गोपीचंद मीणा को निमंत्रण दे दिया था। इसे लेकर समाज में गुटबाजी की बात सामने आई। इसके बाद अनावरण सुबह 8.15 बजे कर दिया गया। अनावरण में वरिष्ठ पंच-पटेल जगदीश माली, रतन लाल माली, रायमल माली, प्रभु लाल माली, सत्यनारायण माली, रामेश्वर माली, रामलाल माली, नंदकिशोर माली, मुकेश कुमार माली, गोपाल लाल माली, राजमल माली, राम लक्ष्मण माली, सोजी राम माली शामिल रहे। इसके बाद सुबह 11 बजे माली समाज के लोग ध्वजा दंड लेकर निकले। शोभायात्रा बस स्टैंड से शुरू हुई। वापस बस स्टैंड पहुंची।