दुर्गाष्टमी और विजयादशमी पर नागौर में महिलाओं और पुरुषों के अलग-अलग संचलन आयोजित होंगे। दुर्गाष्टमी पर विश्व हिंदू परिषद की मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी की ओर से महिलाओं व बालिकाओं का शस्त्र पूजन और शौर्य संचलन होगा। वहीं विजयादशमी पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से पूर्ण गणवेश में स्वयंसेवक घोष वादन के साथ पथ संचलन निकालेंगे। दोनों आयोजनों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। दुर्गा वाहिनी के स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार 18 अक्टूबर को सुबह 9 बजे शिवबाड़ी स्थित शिव मंदिर में एकत्रीकरण होगा। जिला सह संयोजिका सुनीता तिवारी के अनुसार, शस्त्र पूजन के बाद बौद्धिक वर्ग और शारीरिक प्रदर्शन होगा। इसके बाद शौर्य संचलन रवाना होकर किले की ढाल, गांधी चौक, तहसील चौक और सदर बाजार से होते हुए बख्तासागर पहुंचेगा।