भास्कर न्यूज | पाली रोहट उपखंड की सिणगारी ग्राम पंचायत में मनरेगा श्रमिकों की पिछले दो दिनों से ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं हो पा रही है। नेटवर्क और सर्वर समस्या के कारण महिलाएं सुबह 7 बजे से 11 बजे तक इंतजार करती हैं, लेकिन हाजिरी नहीं लगने पर उन्हें बिना काम दर्ज हुए ही घर लौटना पड़ रहा है। नरेगा मेट बेबी देवी ने बताया कि लगातार प्रयास के बावजूद सुबह 7 से 10 बजे तक हाजिरी दर्ज नहीं हो सकी, जिससे श्रमिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। दुदली के मेट किशनराम ने भी बताया कि उनके क्षेत्र में भी यही स्थिति बनी हुई है। साथ ही नई प्रणाली और सर्वे के कारण भी दिक्कतें बढ़ी हैं। मजदूरों की मांग : श्रमिकों ने प्रशासन से तकनीकी समस्या जल्द दूर करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि नेटवर्क समस्या का समाधान नहीं होता है तो ऑनलाइन के बजाय ऑफलाइन हाजिरी की व्यवस्था की जाए, ताकि उनकी दिहाड़ी प्रभावित न हो। आंकड़ों में समझें स्थिति शुक्रवार: 50 श्रमिकों में से 45 पहुंचे, लेकिन केवल 11 की ही ऑनलाइन हाजिरी दर्ज हो सकी। दोपहर 12 बजे तक सिस्टम में सिर्फ 11% उपस्थिति दिखी, इसके बाद बाकी श्रमिकों को वापस भेज दिया गया। शनिवार: 48 श्रमिक पहुंचे, लेकिन दोपहर 12:30 बजे तक सिर्फ 24 की ही हाजिरी दर्ज हुई, शेष को छुट्टी करनी पड़ी। सिणगारी पंचायत: कुल 107 श्रमिक कार्यरत हैं, लेकिन कई की हाजिरी दर्ज ही नहीं हो पाई।