ब्रिटेन की पूर्व मंत्री ऐन विडिकॉम्ब की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी ने विडिकॉम्ब के सिर पर हथौड़े से 21 बार वार किए थे। इसके बाद वह उनका बटुआ लेकर फरार हो गया। आरोपी जोशुआ केरी मंगलवार को लंदन की वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट अदालत में पेश हुआ। उस पर हत्या और आतंकवाद से जुड़े अपराधों के आरोप लगाए गए हैं। वकील काशिफ मलिक ने अदालत में बताया कि वारदात के समय 78 साल विडिकॉम्ब अपने घर में दोपहर का खाना खा रही थीं। तभी आरोपी उनके घर पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। माना जा रहा है कि विडिकॉम्ब पर 8 जुलाई को हमला हुआ। उस दिन वह एक तय टीवी इंटरव्यू में नहीं पहुंचीं। 9 जुलाई को उनके माली ने घर में उनका शव बरामद किया। इसके दो दिन बाद 11 जुलाई को जोशुआ केरी को उत्तरी इंग्लैंड के साउथ यॉर्कशायर से गिरफ्तार किया गया। यह जगह उनके घर से करीब 400 किलोमीटर दूर है। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… इस हफ्ते कई देशों पर टैरिफ लगा सकते हैं ट्रम्प, 10% वाला टैरिफ शुक्रवार को खत्म हो रहा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प दर्जनों देशों पर नए टैरिफ लगाने की तैयारी में हैं। फाइनेंशियल टाइम्स (FT) ने मंगलवार को रिपोर्ट दी कि नए टैरिफ इसी हफ्ते लागू किए जा सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका का अस्थायी 10% ग्लोबल टैरिफ शुक्रवार को खत्म होने वाला है। इसके बाद दर्जनों देशों पर नए शुल्क लगाए जाने की संभावना है। FT के अनुसार, सबसे पहले लगाए जाने वाले नए टैरिफ की दर मौजूदा 10% टैरिफ के करीब रहने की उम्मीद है। हालांकि, अमेरिकी प्रशासन कुछ अन्य जांच भी कर रहा है। इन जांचों के जरिए ज्यादा टैरिफ लगाने के लिए कानूनी आधार तैयार किया जा सकता है। रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि नए टैरिफ किन देशों पर लगाए जाएंगे और उनकी अंतिम दर क्या होगी। ब्रिटेन में 2 भारतवंशियों को मंत्री पद: कनिष्क नारायण को AI, लीजा नंदी को संस्कृति मंत्रालय की जिम्मेदारी ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने सोमवार को पद संभालते ही अपनी नई कैबिनेट का गठन किया। BBC के मुताबिक, बर्नहैम ने अपनी नई टीम में कई पुराने मंत्रियों को बनाए रखा है, जिनमें कनिष्क नारायण और लीजा नंदी भी शामिल हैं। कनिष्क नारायण को कृत्रिम मेधा (AI) मंत्री बनाया गया है, जबकि लीजा नंदी को संस्कृति मंत्री के पद पर बरकरार रखा गया है। कनिष्क का जन्म बिहार के मुजफ्फरपुर में हुआ था। 12 साल की उम्र में वह अपने परिवार के साथ ब्रिटेन के कार्डिफ चले गए। राजनीति में आने से पहले उन्होंने तकनीक और वित्त क्षेत्र में काम किया। इस दौरान उन्होंने AI, फिनटेक और जलवायु से जुड़े कारोबारों के साथ काम किया। 2025 में कीर स्टार्मर सरकार ने उन्हें AI और ऑनलाइन सुरक्षा मंत्री बनाया था। भारतीय मूल की लीजा नंडी को एंडी बर्नहैम ने अपनी नई कैबिनेट में संस्कृति मंत्री के पद पर बनाए रखा है। लीजा का जन्म मैनचेस्टर में हुआ। उनके पिता दीपक नंदी कोलकाता के रहने वाले थे, जबकि उनकी मां लुईस बायर्स ब्रिटेन की रहने वाली हैं। ट्रम्प ने कनाडा पर 50% टैरिफ लगाया; 30 दिन बाद लागू होगा फैसला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कनाडा से आयात होने वाले कई उत्पादों पर 50% नया टैरिफ लगाने का आदेश दिया है। ट्रम्प ने आरोप लगाया कि कनाडा अमेरिकी शराब, ऑटोमोबाइल और डेयरी उत्पादों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार कर रहा है। नया टैरिफ 30 दिन बाद लागू होगा। व्हाइट हाउस के मुताबिक एनर्जी, पोटाश और पहले से सेक्टर-विशेष टैरिफ के दायरे में आने वाले उत्पादों को इससे बाहर रखा गया है। सबसे अहम बात यह है कि USMCA (अमेरिका-मेक्सिको-कनाडा मुक्त व्यापार समझौता) के तहत आने वाले कई उत्पाद भी अब इस नए टैरिफ के दायरे में आएंगे। ट्रम्प ने इस फैसले के लिए 1930 के टैरिफ एक्ट की धारा-338 का इस्तेमाल किया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने पहली बार इस प्रावधान के तहत टैरिफ लगाने का आदेश दिया है। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि उनकी सरकार अमेरिका के साथ बातचीत तेज करने के लिए तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका पहले भी USMCA का उल्लंघन करते हुए एकतरफा टैरिफ लगाता रहा है और कनाडा ने सिर्फ उसका जवाब दिया है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह फैसला अमेरिका-कनाडा के बीच व्यापारिक तनाव और बढ़ा सकता है। अमेरिकी शराब उद्योग ने भी चिंता जताई है कि जवाबी कार्रवाई से दोनों देशों के कारोबार और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर पर असर पड़ सकता है। श्रीलंका में डेंगू का कहर: 76 हजार संक्रमित, 53 मौतें; एयरफोर्स ड्रोन से छतों पर जमा पानी खोज रही श्रीलंका में मच्छरों से फैलने वाली बीमारी डेंगू का करीब एक दशक में सबसे गंभीर प्रकोप सामने आया है। जनवरी से अब तक 76,044 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 53 मौतें हुई हैं। बीमारी के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पतालों के साथ अब देश की सेना भी अभियान में जुट गई है। श्रीलंका की एयरफोर्स ड्रोन की मदद से मानसून की बारिश के बाद छतों पर जमा पानी की पहचान कर रही है। वहीं सेना और पुलिस के जवान घरों, निर्माण स्थलों और स्कूलों की जांच कर रहे हैं, ताकि मच्छरों के पनपने की जगहों को खत्म किया जा सके। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, जुलाई के पहले दो हफ्तों में 18 हजार से ज्यादा मामले सामने आने के बाद अस्पतालों ने बेड बढ़ाने शुरू कर दिए। जून में डेंगू के 21,537 मामले दर्ज किए गए थे। नेशनल डेंगू कंट्रोल यूनिट के कार्यवाहक डायरेक्टर जनरल कपिला कन्नंगारा ने कहा कि मरीजों की संख्या ज्यादा है और गंभीर मामलों की संख्या भी बढ़ी है। करीब 75% मामले DENV-2 स्ट्रेन से जुड़े हैं, जो तेजी से फैल रहा है। डेंगू का बढ़ता प्रकोप चक्रवात डिटवाह के बाद सामने आया है। नवंबर के अंत में आए इस चक्रवात को श्रीलंका की सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदा बताया गया है। इससे जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वास्थ्य सुविधाओं को नुकसान पहुंचा था।