उदयपुर के रहने वाले अंतरराष्ट्रीय शिल्पकार डॉ. इकबाल सक्का ने भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के मौके पर दुनिया का सबसे छोटा सोने-चांदी का रथ बनाया है। यह अनोखा रथ न सिर्फ कला का बेजोड़ नमूना है, बल्कि यह देश में कौमी एकता और भाईचारे का बड़ा संदेश भी दे रहा है। डॉ. सक्का 211 वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। इस रथ की साइज महज 1 गुना 1 सेंटीमीटर है। डॉ. सक्का ने इस बेहद छोटे रथ को पुरी के विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर में भेंट करने का फैसला किया है। श्री जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट कमेटी को बाकायदा एक चिट्ठी भी लिख दी है। जैसे ही वहां से मंजूरी मिलेगी, वे पुरी जाकर इस रथ को सौंप देंगे। मूंग के दाने से भी छोटी भगवान जगन्नाथ की मूर्ति डॉ. सक्का ने बताया- रथ में चांदी का महज एक सेंटीमीटर का मंदिर और एक मिलीमीटर का कलश बनाया है। मंदिर के ऊपर केसरिया रंग का झंडा भी लगाया गया है, जिस पर बहुत ही बारीकी से 'ॐ' लिखा हुआ है। रथ के अंदर भगवान जगन्नाथ की जो मूर्ति विराजमान है, वह मूंग के दाने से भी छोटी है। चांदी से बनी इस मूर्ति को खुली आंखों से ठीक से देख पाना भी नामुमकिन है, इसे देखने के लिए लेंस की मदद लेनी पड़ती है। भगवान के इस रथ को आगे खींचते हुए दिखाने के लिए चांदी का एक सेंटीमीटर का छोटा सा घोड़ा भी बनाया गया है। 36 घंटे की कड़ी मेहनत से तैयार हुआ अनोखा रथ डॉ. सक्का ने बताया- रथ में 7 ग्राम चांदी और 300 मिलीग्राम सोने का इस्तेमाल किया है। रथ को आकार देने के लिए लगातार 36 घंटे तक कड़ी मेहनत करनी पड़ी, तब जाकर यह कलाकृति पूरी तरह तैयार हो सकी। भुवनेश्वर के कलाकार का रिकॉर्ड तोड़ा डॉ. इकबाल सक्का ने बताया- रथ ने एक पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। इससे पहले ओडिशा के भुवनेश्वर के एक कलाकार ने 3 गुणा 2 सेंटीमीटर का रथ बनाया था, जो इंटरनेशनल बुक में दर्ज है। अब मैंने ने महज 1 गुणा 1 सेंटीमीटर का रथ बनाकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का दावा पेश किया है।