बॉलीवुड अभिनेत्री जरीन खान शुक्रवार सुबह जयपुर पहुंचीं, जहां एयरपोर्ट पर आयोजकों ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। कूल और स्टाइलिश अंदाज में नजर आईं जरीन की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला। एयरपोर्ट पर उन्होंने मुस्कुराते हुए अभिवादन स्वीकार किया और इसके बाद वह शहर के फाइव स्टार होटल में आयोजित एक विशेष इवेंट में शामिल होने के लिए रवाना हो गईं। हालांकि, जयपुर से जरीन खान का खास जुड़ाव रहा है। उन्होंने अपने बॉलीवुड करियर की शुरुआत सलमान खान की फिल्म 'वीर' से की थी, जिसकी शूटिंग का बड़ा हिस्सा जयपुर और आमेर में हुआ था। आमेर महल सहित शहर की कई ऐतिहासिक लोकेशनों पर फिल्म के महत्वपूर्ण दृश्य फिल्माए गए थे। इस फिल्म ने जरीन को हिंदी सिनेमा में पहचान दिलाई और जयपुर उनके फिल्मी सफर का अहम हिस्सा बन गया। जरीन खान पहले भी कई बार आ चुकी हैं जयपुर जरीन खान इससे पहले भी कई बार जयपुर आ चुकी हैं। शहर में आयोजित फैशन शो, ब्यूटी पेजेंट, ब्रांड लॉन्च, कॉरपोरेट कार्यक्रम और अन्य ग्लैमरस आयोजनों में वह नियमित रूप से शिरकत करती रही हैं। जयपुर में उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि विभिन्न आयोजनों में उन्हें सेलिब्रिटी गेस्ट और शो-स्टॉपर के रूप में लगातार आमंत्रित किया जाता है। जयपुर में जरीन खान के फैन्स को रहता है बेसब्री से इंतजार फिल्मों के अलावा जरीन खान लाइव इवेंट्स और स्टेज परफॉर्मेंस के लिए भी काफी चर्चित हैं। वेडिंग परफॉर्मेंस, प्राइवेट सेलिब्रेशन और हाई-प्रोफाइल इवेंट्स में उनकी अच्छी-खासी डिमांड रहती है। यही वजह है कि देशभर की तरह जयपुर में भी उनके कार्यक्रमों का प्रशंसकों को बेसब्री से इंतजार रहता है। सलमान के साथ फिल्म वीर से बॉलीवुड में किया था डेब्यू गौरतलब है कि जरीन खान ने वर्ष 2010 में सलमान खान के साथ फिल्म 'वीर' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने 'हाउसफुल 2', 'हेट स्टोरी 3', 'अक्सर 2', '1921', 'चाणक्य' और 'हम भी अकेले तुम भी अकेले' जैसी फिल्मों में अभिनय किया। हाल के वर्षों में वह फिल्मों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक, फैशन और लाइफस्टाइल कार्यक्रमों में भी सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं।