अलवर की सेंट्रल जेल से उम्र कैद की सजा काट रहा कैदी फरार हो गया। वह जेल के खुले बंदी शिविर से गायब हो गया। रविवार सुबह नियमित हाजरी में गायब मिलने पर जेल प्रशासन ने कैदी के फरार होने की सूचना पुलिस को दी। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि बंदी गोपाल उर्फ रामगोपाल पुत्र किशनलाल निवासी नांगल रूपा, थाना खेडली, अलवर का रहने वाला है। अपर जिला व सेशन न्यायधीश कठूमर ने हत्या और आयुध अधिनियम के तहत उसे दोषी ठहराया था और 23 सितंबर 2022 को अदालत ने उसे उम्र कैद की सजा सुनाई थी। हाजरी में शामिल नहीं होने पर दर्ज कराया केस जेल प्रशासन के मुताबिक 6 सितंबर की सुबह खुले बंदी शिविर में सभी कैदियों की परेड और गिनती कराई गई, लेकिन गोपाल उर्फ रामगोपाल हाजरी में मौजूद नहीं था। इसके बाद उसके आवास गृह की जांच की गई, लेकिन वह वहां भी नहीं मिला। शिविर के आसपास तलाश करने के साथ उसके रिकॉर्ड में दर्ज मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन मोबाइल पर इनकमिंग कॉल चालू नहीं होने के कारण उससे संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद केंद्रीय कारागृह अधीक्षक कार्यालय की ओर से प्रहरी सतीश चंद शर्मा के माध्यम से कोतवाली थाने में तहरीरी रिपोर्ट दी गई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर धारा 262 बीएनएस और धारा 58-बी कारागृह संशोधन अधिनियम 2015 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई बृजेन्द्र को सौंपी गई है। पुलिस अब फरार बंदी की तलाश में जुटी है।