दिल्ली के जाफराबाद इलाके में चौहान बांगर में मिल्लत मस्जिद के पास एक इन्वर्टर बॉक्स फैक्ट्री में रविवार रात 19 साल के साहिल की उसके साथ काम करने वाले एक व्यक्ति ने चाकू मारकर हत्या कर दी। साहिल को JPC अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। BNS की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है और आरोपी को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं। आज की अन्य बड़ी खबरें… रेबीज वैक्सीन अभयरैब जांच के घेरे में, राज्यों में अलर्ट, 4 गिरफ्तार रेबीज वैक्सीन अभयरैब के केई-25012 बैच को लेकर राज्यों को अलर्ट किया गया है। डीसीजीआई ने इस बैच की बिक्री, सप्लाई और उपलब्धता पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। इस बैच के नमूने अप्रैल में दिल्ली के एक बिना लाइसेंस वाले परिसर से जब्त किए गए थे। जांच में नमूने मानक गुणवत्ता के अनुरूप नहीं पाए गए। निर्माता ने इन्हें अपना उत्पाद मानने से इनकार किया है। इस मामले में अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली में 20 साल की महिला से रेप के आरोप में एक गिरफ्तार दिल्ली के खेड़ा खुर्द इलाके में एक कूलर घास बनाने वाली फैक्ट्री में 20 साल की महिला से रेप के मामले में पुलिस ने 66 साल के मजदूर ठेकेदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की रहने वाली महिला करीब एक महीने से फैक्ट्री में काम कर रही थी और वहीं रह रही थी। शिकायत के अनुसार, 1 सितंबर की रात करीब 11 बजे आरोपी ने उसके साथ रेप किया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि एक सहकर्मी ने घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। आज सुप्रीम कोर्ट में हवाई किराए में मनमानी पर सुनवाई हवाई किराए में मनमानी बढ़ोतरी और निजी एयरलाइंस के एक्स्ट्रा चार्ज पर सुप्रीम कोर्ट आज सुनवाई करेगा। केस जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच में लिस्टेड है। केंद्र सरकार ने 17 अगस्त को कहा था कि नए नियमों को 3 हफ्ते में फाइनल कर दिया जाएगा। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा था- इसे सात दिन के भीतर प्रकाशित कीजिए। अगर एयरलाइंस पालन नहीं कर रही हैं तो उन्हें जमीन पर खड़ा कर दीजिए।