अलवर शहर के एनईबी थाना क्षेत्र के दाऊदपुर में एक युवक को दोस्त द्वारा घर से बुलाकर ले जाने के बाद उसका अपहरण कर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित लक्की की बहन रवीना ने एनईबी थाने में रिपोर्ट देकर मयंक, मोहित, साहिद खान, निक्की सैनी सहित 8-10 युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घायल लक्की का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। आवाज लगाकर घर से बुलाया था रिपोर्ट के अनुसार 3 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे साहिद खान लक्की के घर पहुंचा और उसे आवाज देकर बाहर बुलाया। इसके बाद वह उसे पास के पार्क में ले गया, जहां पहले से एक अन्य युवक मौजूद था। आरोप है कि दोनों ने पहले लक्की के साथ मारपीट की और फिर उसे जबरन कार में डालकर ले गए। लोहे की सरिया से किए वार पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने लक्की के सिर पर लोहे की सरिया से वार किया, जिससे उसके सिर और आंख के नीचे गंभीर चोट आई। इसके अलावा पूरे शरीर पर भी चोटों के निशान हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि हमलावर उसे मयंक और मोहित के घर ले गए, जहां 8–10 युवकों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। घायल को हॉस्पिटल पहुंचाया घटना के दौरान मोहित के चाचा की बेटी कनक ने लक्की को बचाने का प्रयास किया और आरोपियों से मारपीट रोकने की गुहार लगाई। आरोप है कि इस पर आरोपियों ने कनक के साथ भी मारपीट और बदसलूकी की। बाद में कनक ने रवीना को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वह मौके पर पहुंची। पुलिस की मदद से घायल लक्की को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावर लक्की का मोबाइल फोन, 5 हजार रुपए नकद, चांदी की अंगूठी और चांदी की चेन भी छीनकर ले गए।