अलवर के सदर थाना क्षेत्र के एक गांव से 16 साल की किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी की मां ने एक रिश्तेदार पर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। मामले में किशोरी की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। रिश्तेदार पर किशोरी को भगाकर ले जाने का शक किशोरी की मां ने रिपोर्ट में बताया कि 31 अगस्त की रात किशोरी अपने परिवार के साथ घर पर सोई थी। अगले दिन सुबह करीब 6 बजे जब परिजन जागे तो किशोरी घर पर नहीं मिली। गांव और आसपास तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों को परिवार के ही एक रिश्तेदार युवक पर शक हुआ। परिजनों का आरोप है कि युवक अपने कुछ परिचितों के साथ पहले उनके घर आता-जाता था। जब परिवार के लोग युवक के गांव पहुंचे तो वह वहां नहीं मिला। उसके परिजनों से संपर्क करने पर पहले किशोरी को वापस लाने के लिए कुछ समय मांगा गया, लेकिन बाद में उन्होंने किशोरी को वापस भेजने से मना कर दिया। इसके बाद किशोरी की मां ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस के अनुसार, रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस किशोरी की तलाश के साथ ही आरोपों की जांच कर रही है।