फिल्म सोल्जर में विलेन जोजो का किरदार निभाकर फेमस हुए एक्टर जीतू वर्मा और पुराने दौर के फिल्मी विलेन अजीत के बेटे एक्टर शहजाद खान ने चित्तौड़गढ़ के वार्ड नंबर 17 में भाजपा प्रत्याशी सुरेश झंवर के लिए प्रचार किया। दोनों एक्टरों के साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गई। दोनों कलाकार गली-गली घूमे और प्रत्याशी के लिए वोट मांगे। इस दौरान विधायक चंद्रभान सिंह आक्या भी उनके साथ मौजूद रहे। निकाय चुनाव के पहले चरण (9 सितंबर) की वोटिंग से पहले चुनाव प्रचार सोमवार शाम 5 बजे थम गया। पिछले कई दिनों से वार्डों में गूंज रहे ढोल-नगाड़े, लाउडस्पीकर और चुनावी जुलूस शांत हो गए। अब प्रत्याशी डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर रहे हैं। अंतिम दिन प्रचार में दिखी पूरी ताकत प्रचार के आखिरी दिन सोमवार को शहर के अधिकांश वार्डों में सुबह से ही चुनावी गतिविधियां तेज रहीं। कहीं ढोल-नगाड़ों के साथ समर्थक नजर आए तो कहीं छोटे-छोटे जुलूस निकले। प्रत्याशियों ने अपने-अपने तरीके से मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश की। शहर के अन्य वार्डों में भी विभिन्न प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ अंतिम समय तक जनसंपर्क अभियान चलाया। शाम 5 बजे प्रचार थमने के बाद उम्मीदवार व्यक्तिगत संपर्क में जुट गए। वार्ड नंबर 17 में भाजपा प्रत्याशी सुरेश झंवर के समर्थन में फिल्म कलाकार जितेंद्र वर्मा और शहजाद खान भी पहुंचे। दोनों ने वार्ड में जनसंपर्क किया। अब मतदान की तैयारी, 9 सितंबर को वोटिंग 9 सितंबर को चित्तौड़गढ़ नगर परिषद के सभी वार्डों में मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद प्रत्याशी और उनके अधिकृत चुनाव अभिकर्ता चुनावी प्रक्रिया के तहत निर्धारित स्थानों पर रहेंगे और आगे की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद सभी की नजर 14 सितंबर पर रहेगी, जब मतगणना होगी और यह साफ हो जाएगा कि शहर की सरकार बनाने की जिम्मेदारी किसे मिलती है। फिलहाल चुनावी शोर भले ही थम गया हो, लेकिन राजनीतिक हलचल अभी भी जारी है। अब मुकाबला नारों और जुलूसों का नहीं, बल्कि मतदाताओं के भरोसे और मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले हर वोट का है। चुनाव का अंतिम चरण शुरू हो चुका है और आने वाले कुछ दिन चित्तौड़गढ़ की स्थानीय राजनीति की दिशा तय करेंगे।