अलवर में मानसून की बेरुखी के बीच अब अगले करीब छह दिनों तक बारिश के कोई आसार नहीं हैं। शनिवार सुबह से ही शहर में तेज धूप खिली हुई है। हालांकि हल्की हवाएं चलने से उमस से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन धूप निकलने के बाद गर्मी का असर साफ तौर पर महसूस होगा। पिछले दो दिनों से अलवर में गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान कर रखा है। गुरुवार और शुक्रवार को सुबह से धूप खिली रहने और हवा नहीं चलने के कारण उमस भरी गर्मी रही, जिससे आमजन पसीने से तरबतर नजर आए। शनिवार को हवा चलने से उमस कुछ कम होने की उम्मीद है, लेकिन गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। मौसम विभाग के अनुसार 29 अगस्त को न्यूनतम तापमान 26 और अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 30 और 31 अगस्त को भी अधिकतम तापमान 34 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं 1 सितंबर को तापमान बढ़कर 36 डिग्री तक पहुंच सकता है। 2 सितंबर को अधिकतम तापमान 33 और 3 सितंबर को फिर 36 डिग्री रहने की संभावना है। इस दौरान आसमान में आंशिक बादल रह सकते हैं, लेकिन बारिश को लेकर कोई चेतावनी नहीं है। इस बार अलवर में मानसून की बारिश उम्मीद के मुताबिक नहीं हुई है। सिलीसेढ़ झील भी पूरी तरह नहीं भर पाई है, जबकि जिले के पांच प्रमुख बांधों में भी पर्याप्त पानी नहीं आया है। 29 अगस्त तक अलवर जिले में सामान्य बारिश 445.3 मिलीमीटर होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक 431.1 मिलीमीटर बारिश ही हुई है। यानी बारिश सामान्य से करीब 3 फीसदी कम है। ऐसे में आने वाले दिनों में बारिश नहीं होने से जलस्रोतों और बांधों में पानी की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ सकती है।