अलवर में आज शहर सहित जिले के कई हिस्सों में कहीं हल्के तो कहीं घने बादल छाए हुए हैं। वहीं कुछ इलाकों में मौसम साफ भी है। सुबह से बादलों की आवाजाही को देखते हुए शनिवार को जिले में बारिश की संभावना बनी हुई है। शुक्रवार दोपहर बाद भी शहर में बारिश हुई थी। करीब आधे घंटे से अधिक हुई बारिश के दौरान शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया था। आज बारिश हुई तो बाजरे की फसल को नुकसान की चिंता: बदलते मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इन दिनों जिले के कई क्षेत्रों में बाजरे की कटाई चल रही है। कुछ इलाकों में किसान बाजरे की कटाई पहले ही कर चुके हैं। अब बारिश की संभावना को देखते हुए किसान कटी हुई बाजरे की फसल को एक जगह एकत्र कर सुरक्षित करने में जुटे हैं। किसानों का कहना है कि यदि अचानक बारिश हो गई तो खेत में पड़ी कटी फसल भीगने से नुकसान हो सकता है। 17 सितंबर तक बादल और बारिश का दौर मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार 12 से 17 सितंबर तक अलवर में मौसम में बदलाव बना रहेगा। इस दौरान आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहने तथा अलग-अलग स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। विभाग ने इस अवधि में बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है। तापमान 30 से 32 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान मौसम विभाग के अनुसार 12 सितंबर को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 26 डिग्री रहने की संभावना है। 13 सितंबर को तापमान 24 से 31 डिग्री, 14 सितंबर को 26 से 32 डिग्री, 15 सितंबर को 24 से 32 डिग्री, 16 सितंबर को 24 से 31 डिग्री और 17 सितंबर को 24 से 30 डिग्री के आसपास रह सकता है। यानी अगले छह दिनों में तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं होगा, लेकिन बादल और बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है। सामान्य से करीब 4% कम बारिश अलवर में 12 सितंबर तक 490.4 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है। इस तारीख तक जिले में सामान्य बारिश 510.5 मिमी होनी चाहिए थी। इस हिसाब से अब तक 20.1 मिमी यानी करीब 4% कम बारिश हुई है। आगामी दिनों में बारिश होने पर सामान्य बारिश के आंकड़े के करीब पहुंचने की संभावना है। मेघगर्जन और आकाशीय बिजली के दौरान मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।