अलवर में शनिवार को हुई अच्छी बारिश के बाद रविवार को अलवर का मौसम सुहावना बना हुआ है। सुबह अरावली की पहाड़ियों पर बादल नीचे तक उतर आए, जिससे शहर से पहाड़ियों का नजारा आकर्षक दिखाई दिया। जिले में कई जगह बादल छाए हुए हैं, जबकि कुछ इलाकों में मौसम खुला भी नजर आया। शनिवार की बारिश के बाद जयसमंद बांध में इस सीजन पहली बार पानी की आवक हुई है। हालांकि अभी आवक कम है, लेकिन बांध में पानी पहुंचना राहत की बात है। आज भी बारिश के आसार: मौसम विभाग के 7 दिन के पूर्वानुमान के अनुसार 6 सितंबर को अलवर में सामान्यत: बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। रविवार को न्यूनतम तापमान 24 और अधिकतम 34 डिग्री रहने का अनुमान है। इसके बाद 7 से 9 सितंबर तक आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। 10 सितंबर को अधिकतम तापमान 34 और 11 सितंबर को 36 डिग्री तक पहुंच सकता है। सामान्य से 7% कम बारिश: अलवर में अब तक 450.3 मिमी बारिश हुई है, जबकि इस अवधि तक 480.7 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। ऐसे में जिले में अब तक सामान्य से करीब 30.4 मिमी यानी 7% कम बारिश हुई है। शनिवार की बारिश और रविवार को संभावित बारिश से बारिश की कमी कुछ कम होने की उम्मीद है।