आमेर थाना पुलिस ने घर में घुसकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने वाली गैंग का खुलासा करते हुए उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में शामिल वासम उर्फ वासिम (37) और शमशेर अली (25) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। घर में घुसकर सोने-चांदी और नकदी चोरी डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया कि 18 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे आमेर थाना क्षेत्र में एक मकान में चार अज्ञात बदमाश घुस गए थे। आरोपियों ने घर से करीब 300 ग्राम सोने की चूड़ियां, 300 ग्राम अन्य सोने के आभूषण, 150 ग्राम चांदी की पायल, सोने की झुमकी, मंगलसूत्र, चांदी के सिक्के और अन्य आभूषण चोरी कर लिए थे। बदमाश करीब 20 हजार रुपए नकद भी ले गए थे। मामले में 21 अगस्त को आमेर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग वारदात के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपियों के हुलिए और उनकी गतिविधियों का विश्लेषण किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर पहले आरोपी वसीम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुला वाराणसी कनेक्शन पुलिस पूछताछ में वासम ने अपने साथी शमशेर अली के साथ वारदात करना कबूल किया। इसके बाद पुलिस टीम ने करीब 900 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के वाराणसी पहुंचकर शमशेर अली को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है। फेरीवाला बनकर करते थे रेकी पुलिस के मुताबिक आरोपी उत्तर प्रदेश से जयपुर आते थे और यहां मकान किराए पर लेकर रहते थे। इसके बाद फेरीवाला बनकर कपड़े, साड़ी और अन्य सामान बेचने के बहाने कॉलोनियों में घूमते और मकानों की रेकी करते थे। आरोपी ऐसे मकानों को निशाना बनाते थे, जिनमें बाहर से ताला लगा दिखाई देता था या घर के बाहर कोई सामान रखा नजर आता था। रेकी के बाद मौका देखकर मकान में घुसते और सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे। पहले आरोपी से बरामदगी, दूसरे से पूछताछ जारी पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में गैंग द्वारा जयपुर और अन्य शहरों में की गई अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है। पुलिस गैंग से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी कर रही है।