अरनोद थाना पुलिस ने अवैध देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस की खरीद-फरोख्त के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अरनोद और कोटड़ी थानों के अलावा बांसवाड़ा कोतवाली में भी कुल 4 केस दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग और अरनोद डीएसपी चंद्रशेखर पालीवाल ने मार्गदर्शन दिया। थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में टीम ने आरोपी कोटड़ी निवासी मीर अफजल उर्फ इमरान खान को पकड़ा। नाकाबंदी में पकड़ी गई थी पिस्टल पुलिस ने बताया कि 22 अगस्त को रतलाम रोड पर माताजी का सिंहपुरिया के घोड़ा घट्टा तिराहे पर नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी को रोका गया। तलाशी लेने पर ड्राइवर मोसिन खान के पास से एक अवैध देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस मिला था। मोसिन खान को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि जब्त पिस्टल और कारतूस मीर अफजल उर्फ इमरान खान ने ही मोसिन खान को दिए थे। इसके बाद से पुलिस मीर अफजल की तलाश कर रही थी। ससुर के घर से भागते वक्त पकड़ा 2 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी देवल्दी गांव में अपने ससुर मीर आजम खान के घर आया है। पुलिस टीम ने वहां दबिश दी। आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अरनोद और कोटड़ी थानों के अलावा बांसवाड़ा कोतवाली में भी चार केस दर्ज हैं। ये केस मारपीट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित अलग-अलग धाराओं में हैं।