बालोतरा में मुंबई पुलिस और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार कथित ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान उनके कब्जे से 2.045 किलोग्राम एमडी (मेफेडोन) बरामद की गई। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक एसयूवी भी जब्त की गई है। यह कार्रवाई शुक्रवार को बालोतरा जिले के पाटोदी इलाके में हुई। एसयूवी को जब्त किया बालोतरा एसपी राजेश कुमार कांवट ने बताया कि यह कार्रवाई मीरा-भायंदर (मुंबई) के काशीमीरा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक मामले से जुड़ी है। इस मामले में नवोड़ा बेड़ा, पचपदरा निवासी कमे खान वांछित था। उसकी तलाश में मुंबई पुलिस की टीम शुक्रवार को बालोतरा पहुंची थी। मुंबई पुलिस की टीम ने बालोतरा पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद पाटोदी चौकी पुलिस के साथ एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने वांछित आरोपी की तलाश शुरू की और इस दौरान एक एसयूवी के बारे में जानकारी मिली। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर उसमें सवार चार लोगों को हिरासत में लिया। नियमों के अनुसार तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से कुल 2.045 किलोग्राम एमडी (मेफेडोन) बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एसयूवी को भी जब्त कर लिया। इनको गिरफ्तार किया पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें नवोड़ा बेड़ा, पचपदरा निवासी कमे खान (36), रडवा, बाखासर निवासी विरधाराम (20), प्रजापतों का वास, परेऊ, गिड़ा निवासी नरेंद्र कुमार (29) , सदर थाना बाड़मेर निवासी अशोक कुमार (19) शामिल हैं। सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस 2.045 किलो एमडी की बरामदगी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ आरोपियों तक कहां से पहुंचा और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। आरोपियों से ड्रग्स की खरीद-फरोख्त, सप्लाई चेन और पूरे नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में इनके अलावा अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं और मुंबई में दर्ज एनडीपीएस मामले से इन आरोपियों का क्या सीधा संबंध है। जांच के आधार पर आने वाले दिनों में मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।