धौलपुर जिले में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए सुबह 7 बजे से 4 निकायों में वोटिंग शुरू हो गई। इनमें धौलपुर नगर परिषद, राजाखेड़ा नगर पालिका, मनियां नगर पालिका और सैंपऊ नगर पालिका शामिल हैं। मतदान को लेकर मतदाताओं में काफी उत्साह दिख रहा है और सुबह से ही लोग मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे हैं। इन चारों निकाय क्षेत्रों में कुल 1 लाख 38 हजार 412 मतदाता अपने वोट डालेंगे। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। धौलपुर नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए 101 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 317 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। राजाखेड़ा नगर पालिका के 35 वार्डों के लिए 35 मतदान केंद्र हैं। वहीं, मनियां और सैंपऊ नगर पालिकाओं के लिए 20-20 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त मतदान केंद्रों पर सुबह से ही सुरक्षा के बीच वोटिंग शुरू हुई। प्रशासन संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर खास नजर रख रहा है। मतदान केंद्रों के आसपास पुलिस बल तैनात है और शांतिपूर्ण वोटिंग के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। वोटिंग को लेकर राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों में भी काफी उत्साह है। मतदाता अपने पसंदीदा उम्मीदवार को वोट देने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने मतदाताओं से बिना डर के वोट डालने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लेने की अपील की है।