मुंबई में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में बालोतरा और मुंबई पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 2.045 किलो एमडी (मेफेडोन) बरामद की गई। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल एसयूवी को भी जब्त किया है। कार्रवाई शुक्रवार को बालोतरा जिले के पाटोदी इलाके में की गई। पुलिस अब आरोपियों से ड्रग्स की खरीद-फरोख्त, सप्लाई चेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका के बारे में पूछताछ कर रही है। मुंबई पुलिस की टीम पहुंची बालोतरा बालोतरा एसपी राजेश कुमार कांवट ने बताया कि मीरा-भायंदर (मुंबई) के काशीमीरा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इस मामले में नवोड़ा बेड़ा, थाना पचपदरा निवासी कमे खान वांटेड था। कमे खान की तलाश के लिए शुक्रवार को मुंबई पुलिस की टीम बालोतरा पहुंची। इसके बाद पाटोदी चौकी पुलिस के साथ संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस जाब्ता तैनात रहा। वहीं, सड़क किनारे कार्रवाई देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। एसयूवी रोककर चार आरोपियों को पकड़ा संयुक्त टीम ने एसयूवी को रोककर उसमें सवार चार आरोपियों को डिटेन किया। नियमानुसार तलाशी और कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से कुल 2.045 किलोग्राम एमडी (मेफेडोन) बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर एसयूवी को भी कब्जे में ले लिया। मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये चार आरोपी गिरफ्तार पुलिस अब आरोपियों से बरामद एमडी के स्रोत और उसकी सप्लाई के बारे में पूछताछ कर रही है। साथ ही ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।