बांसवाड़ा में निकाय चुनाव में टिकट बंटवारे के बाद से गरमाई सियासत और भीतरघात के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सख्त कदम उठाया है। पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ जाकर बगावत करने और निर्दलीय के रूप में मैदान में उतरने वाले 10 नेताओं के खिलाफ कार्यवाही की है। बांसवाड़ा जिला भाजपा अध्यक्ष पूंजीलाल गायरी के निर्देश पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल 10 कार्यकर्ताओं को प्राथमिक सदस्यता से हटा दिया गया है। इनमें 9 कार्यकर्ता परतापुर-गढ़ी नगरपालिका के चुनावी मैदान में हैं। ​​नगर पालिका परतापुर-गढ़ी क्षेत्र: परतापुर-गढ़ी नगरपालिका चुनाव कोर कमेटी से प्राप्त सूचना के आधार पर पार्टी के खिलाफ जाकर निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले 9 लोगों को प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया गया है। इनमें मंडल महामंत्री से लेकर पूर्व सरपंच और प्रत्याशी तक शामिल हैं। ​बांसवाड़ा नगर परिषद क्षेत्र: बांसवाड़ा नगरपरिषद के वार्ड 13 में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी गौरव सिंह राव के खिलाफ जाकर निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे लोकेंद्र वैष्णव पर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। पार्टी ने इनको किया निष्कासित पार्टी ने दीपक जोशी मंडल महामंत्री, चंदूलाल जोशी, ओम प्रकाश भावसार, सुभाष परमार, रीना परमार, सुरेंद्र सिंह राठौड़, ममता राठौड़, चिराग पंचाल, अतीक अहमद, लोकेंद्र वैष्णव को प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। पार्टी नेतृत्व की इस सख्त कार्रवाई से बागी तेवर अपनाए बैठे अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं में भी हड़कंप मच गया है। भाजपा जिला अध्यक्ष ने साफ कर दिया है कि अनुशासनहीनता और पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ काम करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।