बांसवाड़ा नगरपरिषद चुनाव के परिणामों से ठीक पहले राजनीतिक दलों की बाड़ेबंदी एक बार फिर चर्चा में है। इसी कड़ी में कांग्रेस के 59 पार्षद उम्मीदवारों के कुंभलगढ़(राजसमंद) के एक लग्जरी रिसोर्ट से दो अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं। पहले वीडियो में महिला पार्षद उम्मीदवार हाथों में मेहंदी लगाती नजर आ रही हैं। वहीं, दूसरे वीडियो में सभी पार्षद उम्मीदवार रिसोर्ट के रेस्तरां में बैठकर चाय-नाश्ता करते दिखाई दे रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, चुनाव परिणामों के बाद जोड़-तोड़ और क्रॉस वोटिंग की आशंका को देखते हुए एहतियातन बाड़ेबंदी की रणनीति अपनाई गई है। गत 9 सितंबर को मतदान संपन्न होने के बाद 10 सितंबर की दोपहर कांग्रेस के सभी 59 उम्मीदवारों को जिलाध्यक्ष और स्थानीय विधायक अर्जुनसिंह बामणिया के मलवासा स्थित फार्म हाउस पर बुलाया गया था। यहां से सभी उम्मीदवारों को गोपनीय तरीके से लग्जरी बसों में बैठाकर सीधे कुंभलगढ़ स्थित रिसोर्ट के लिए रवाना किया गया। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के अनुसार, बाड़ेबंदी चुनाव परिणाम आने तक जारी रहने की संभावना है। आगामी 14 सितंबर को मतगणना पूरी होने के बाद ही सभी पार्षद उम्मीदवारों के वापस लौटने की संभावना जताई जा रही है।