बांसवाड़ा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने बारावफात जुलूस के दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा है। आरोपी युवक के पास से धारदार चाकू बरामद हुआ है। आरोपी पुरानी रंजिश के कारण एक व्यक्ति की हत्या करने की नीयत से हथियार लेकर घूम रहा था। जुलूस के दौरान तलाशी में पकड़ाया आरोपी एसपी सुधीर जोशी, एएसपी नरपत सिंह और डीएसपी रामकुमार के निर्देशन में कोतवाली थानाधिकारी नागेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ कानून व्यवस्था की ड्यूटी पर तैनात थे। 26 अगस्त को जुलूस के दौरान डीएसपी रामकुमार भादू ने एक युवक को संदिग्ध मानकर रोका और उसकी तलाशी ली तो उसके पास से धारदार चाकू मिला। पुलिस पूछताछ में आरोपी कंधारवाड़ी (बांसवाड़ा) निवासी राहिल खान (19) पुत्र समीर खान ने बताया कि महीने भर पहले एक युवक ने उसके साथ मारपीट की थी। उसी पुरानी रंजिश का बदला लेने और उसकी हत्या करने के इरादे से वह चाकू लेकर घूम रहा था। आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज, जेल भेजा कोतवाली पुलिस ने आरोपी राहिल खान के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।