प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को कर्नाटक के PWD मंत्री सतीश जारकीहोली और कुछ अन्य लोगों से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई एक जांच के सिलसिले में की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच एजेंसी ने बेंगलुरु में मंत्री के डॉलर्स कॉलोनी स्थित आवास समेत करीब 18 ठिकानों पर तलाशी शुरू की है। मामले में फिलहाल ED की कार्रवाई से जुड़ी अन्य जानकारी सामने नहीं आई है। आज की बाकी बड़ी खबरें… कोलकाता के 919 होटल-गेस्ट हाउस को बंद करने का नोटिस, फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन का आरोप कोलकाता में फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं करने वाले 919 होटल और गेस्ट हाउस को अस्थायी रूप से बंद करने के नोटिस दिए गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, राज्य फायर सर्विस विभाग, कोलकाता नगर निगम और कोलकाता पुलिस की संयुक्त टीमों ने अब तक 960 होटल और गेस्ट हाउस की जांच की है। इनमें सिर्फ 41 जगहों पर फायर सेफ्टी के जरूरी इंतजाम नियमों के मुताबिक मिले। यह जांच 19 अगस्त की सुबह कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित शिखा इन गेस्ट हाउस में लगी आग के बाद तेज की गई। इस हादसे में 7 बांग्लादेशी नागरिकों समेत 9 लोगों की मौत हुई थी। मुंबई में इंपोर्टेड ट्रेडमिल में छिपाकर रखा 1.10 करोड़ का सोना बरामद, 2 गिरफ्तार राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने मुंबई में सोने की तस्करी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। अधिकारियों के मुताबिक, एजेंसी ने इंपोर्टेड ट्रेडमिल के अंदर छिपाकर रखा करीब 1.10 करोड़ रुपए का सोना बरामद किया है। मामले में एक चीनी नागरिक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। DRI के मुताबिक, जांच में सामने आया कि चीनी नागरिकों का एक समूह भारतीय सहयोगियों के साथ मिलकर सोने की तस्करी कर रहा था। आरोपी वैध कारोबारी चैनल के जरिए भारत में इंपोर्ट की जाने वाली मशीनरी के अंदर सोना छिपाकर ला रहे थे। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दूसरे व्यक्ति का संबंध उस आयात करने वाली फर्म से है, जिसके जरिए यह मशीनरी भारत लाई गई थी। DRI अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। सूरत के टेक्सटाइल मार्केट में भीषण आग, 4 घंटे से आग बुझाने में जुटे दमकलकर्मी गुजरात के सूरत में सरोली इलाके के श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में देर रात भीषण आग लग गई। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग ने 20 से ज्यादा कर्मियों को हाइड्रोलिक उपकरणों के साथ मौके पर भेजा। दमकलकर्मी करीब चार घंटे से आग बुझाने में जुटे हैं। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। राघव चड्ढा का नाम दिल्ली की वोटर लिस्ट में जुड़ा; आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग से जानकारी मांगी नई दिल्ली में चल रहे वोटर लिस्ट रिवीजन के बीच BJP के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा का नाम दिल्ली की राजिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में जुड़ गया है। AAP ने इस पर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग (EC) से प्रक्रिया की जानकारी मांगी है। पार्टी यह जानना चाहती है कि 31 अगस्त की ड्राफ्ट लिस्ट में 746 नाम होने के बाद चड्ढा का नाम 747वें मतदाता के रूप में कैसे जोड़ा गया। चड्ढा ने आरोपों पर कहा कि उन्होंने चुनाव आयोग के सभी लागू दिशा-निर्देशों और प्रक्रियाओं का पालन किया है। ओडिशा के जंगल में मिले ओरंगुटान के 5 बच्चे, सरकार ने जांच के दिए आदेश
ओडिशा के बालासोर जिले के बिचित्रपुर जंगल में मंगलवार सुबह ओरंगुटान के पांच बच्चे मिलने से हड़कंप मच गया। ये भारत में नहीं पाए जाते हैं। मुख्य रूप से इंडोनेशिया, मलेशिया, बोर्नियो और सुमात्रा में रहते हैं। आशंका है कि इन्हें हवाई, जल या रेल मार्ग से तस्करी करके लाया गया होगा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक ओरंगुटान की कीमत करीब 20 से 25 लाख रुपए बताई जाती है। राज्य सरकार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। मांस के बयान पर धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ भवानीपुर में शिकायत दुर्गा पूजा के दौरान मांसाहार छोड़ने की बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री की अपील पर पश्चिम बंगाल में विवाद बढ़ गया है। कांग्रेस ने मंगलवार को भवानीपुर थाने में पुलिस शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। मध्य कोलकाता कांग्रेस अध्यक्ष मानस सरकार ने शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि 5 सितंबर को हावड़ा के ‘हनुमान कथा’ कार्यक्रम में धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि पूजा के समय जो लोग मछली-मांस खाते हैं, वे वास्तव में धार्मिक नहीं हैं; वे ‘पाखंडी’ यानी ‘ढोंगी’ हैं। मनोज जरांगे की मराठा युवाओं से अपील, आत्महत्या न करें, मैं आपके लिए अनशन कर रहा हूं महाराष्ट्र के जालना में मराठा कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने मराठा समुदाय के बच्चों और युवाओं से आत्महत्या नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे उनके लिए संघर्ष कर रहे हैं और उनकी मांग को लेकर अनशन कर रहे हैं। जरांगे ने कहा, “मराठा समुदाय के सभी बच्चों और युवाओं से मेरी विनम्र अपील है। कृपया आत्महत्या न करें। मैं आपके लिए संघर्ष कर रहा हूं। मैं आपके मुद्दे के लिए अनशन और लड़ाई लड़ रहा हूं। न्याय एक दिन आएगा। सहारा रिफंड पोर्टल शुरू, 20 लाख दावे बहाल होंगे केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय ने केंद्रीय सहकारी समिति रजिस्ट्रार के तहत ‘सहारा रिफंड पोर्टल’ को बहाल कर दिया है। इससे सहारा समूह की सहकारी समितियों के वास्तविक जमाकर्ताओं के 20 लाख लंबित दावों का सत्यापन और प्रक्रिया फिर शुरू हो गई है। अब तक 42 लाख जमाकर्ताओं को 9,267 करोड़ रुपए वापस किए जा चुके हैं। यह पैसा सीधे आधार-लिंक्ड बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया है। केंद्र ने कहा कि जमाकर्ता नए दावे पेश करने के लिए केवल आधिकारिक सीआरसीएस-सहारा रिफंड पोर्टल का उपयोग करें।