बांसवाड़ा पुलिस ने खमेरा थाना क्षेत्र में एक मारुति ब्रेजा कार से 15 किलो 26 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार माही पुल पर नाकाबंदी के दौरान तस्कर बैरिकेडिंग तोड़कर भागा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर हिलेज घाटी एनएच-56 पर कार को घेरकर पकड़ लिया। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपए है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर पुलिस अफीम की सप्लाई चेन की जांच कर रही है। माही पुल पर बैरिकेडिंग तोड़कर भागा था तस्कर पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया- खमेरा थानाधिकारी सुरेश विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम माही पुल पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान प्रतापगढ़ की तरफ से आ रही एक मारुति ब्रेजा कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन कार ड्राइवर पुलिस को चकमा देकर बैरिकेडिंग तोड़ते हुए तेजी से खमेरा की तरफ भाग गया। इसके बाद थानाधिकारी ने जाप्ते के साथ सरकारी वाहन से कार का पीछा किया। पुलिस ने हिलेज घाटी एनएच-56 पर कार को घेरकर आखिरकार रोक लिया। तलाशी के दौरान कार से मिली 15 किलो अफीम पुलिस के रोकने और तलाशी के दौरान कार ड्राइवर काफी घबरा गया। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ करने के बाद गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें छिपाकर ले जाई जा रही 15 किलो 26 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके से कार ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान जगदीश लाल पुत्र गोपाल लाल आंजना निवासी गंधेर, थाना कोतवाली प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज, सप्लाई चेन की जांच शुरू खमेरा थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि अफीम की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे डिलीवर किया जाना था। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरी सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है।