बांसवाड़ा शहर की खांदू कॉलोनी स्थित वार्ड नंबर 30 में सड़क और नाली की बुनियादी समस्याओं को लेकर स्थानीय निवासियों और मतदाताओं में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि जब तक क्षेत्र में सड़क निर्माण का कार्य पूरा नहीं होता, तब तक आगामी चुनावों में मतदान का पूरी तरह से बहिष्कार किया जाएगा। ​10 साल से लंबित है सड़क निर्माण स्थानीय लोगों का आरोप है कि जैन मंदिर के आसपास और पूरे वार्ड में पिछले 10 वर्षों से सड़क निर्माण की केवल झूठी घोषणाएं हो रही हैं। चुनाव के वक्त तमाम नेता और पार्षद घर-घर आकर विकास के बड़े-बड़े दावे और वादे करते हैं, लेकिन जमीन पर हालात जस के तस बने हुए हैं। निवासियों का कहना है कि पूर्व चुनावों में भाजपा पार्षद शालिनी जैन ने भी सड़क बनवाने का आश्वासन दिया था। ​प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता क्षेत्रवासियों के मुताबिक, सड़क और नालियों की बदतर स्थिति को लेकर कई बार स्थानीय प्रशासन, संबंधित विभागों और जिला कलेक्टर को लिखित में अवगत कराया जा चुका है, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यहां तक कि वर्ष 2023 में सड़क खोदने के लिए जेसीबी आई थी और कागजों में काम मंजूर भी हुआ, लेकिन धरातल पर नहीं उतर पाया। ​'वोट मांगने न आएं नेता' वार्ड के मतदाताओं ने दोटूक शब्दों में कह दिया है कि अब वे नेताओं के झूठे आश्वासनों के बहकावे में नहीं आने वाले हैं। निवासियों ने चेतावनी दी है कि नगर निकाय चुनाव या किसी भी अन्य चुनाव में यदि कोई भी नेता वोट मांगने के लिए उनकी गलियों में आया, तो उन्हें बैरंग लौटा दिया जाएगा। जब तक सड़क नहीं बनेगी, तब तक क्षेत्र से एक भी वोट नहीं डाला जाएगा।