सीकर जिले के खंडेला में सोमवार रात एक सेना के जवान का अपहरण हो गया। जवान करीब 4 महीने से छुट्टी पर घर आया हुआ था। रात को बाइक से अपने घर की ओर जा रहा था। इस दौरान 5-6 बदमाश उसे अपने साथ गाड़ी में डालकर ले गए। घटना केरपुरा बस स्टैंड पर रात करीब 8 बजे हुई। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने जवान के परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने रात करीब 10 बजे पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत आसपास के इलाकों में नाकाबंदी करवाकर जवान की तलाश शुरू कर दी। थानाधिकारी ने बताया कि इस संबंध में जवान श्रीराम के भाई ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। जवान के भाई शेर सिंह ने बताया- श्रीराम एसआई भर्ती परीक्षा की तैयारी के लिए करीब 3-4 महीने से छुट्टी पर था। वह खंडेला कोचिंग के लिए जाता है। सोमवार शाम करीब 6-7 बजे वह रोज की तरह कोचिंग से घर लौट रहा था। इस दौरान केरपुरा बस स्टैंड पर अज्ञात बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। मौके पर उसके बाइक और हेलमेट पड़े मिले है। थानाधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि श्रीराम का किसी दूसरे फौजी से पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।