बारां जिले की 3 शहरी निकायों - बारां, अंता और सीसवाली में शहरी सरकार चुनने के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। बारां नगर परिषद के 60 वार्ड, अंता के 35 वार्ड और सीसवाली नगरपालिका के 20 वार्डों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इन चुनावों में कुल 1 लाख 29 हजार 154 मतदाता अपनी शहरी सरकार चुनने के लिए मतदान करेंगे। मतदान प्रक्रिया के लिए कुल 166 केंद्र बनाए गए हैं। इन तीनों निकायों में कुल 419 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। बारां नगर परिषद के अलावा अंता और सीसवाली नगर पालिका में भी वोट डाले जा रहे हैं। कुल मतदाताओं में 65 हजार 716 पुरुष और 63 हजार 431 महिलाएं शामिल हैं। मतदान शुरू होने से पहले सभी केंद्रों पर पोलिंग एजेंटों की मौजूदगी में ईवीएम से मॉक पोल किया गया। इसके बाद ही मतदान की प्रक्रिया शुरू की गई। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल के सख्त इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एरिया मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और गश्ती दल लगातार फील्ड में घूमकर कानून व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं। मतदान केंद्र के 200 मीटर के इलाके में राजनीतिक गतिविधियां पूरी तरह से मना कर दी गई हैं।