बारां| नीट यूजी 2026 के तहत स्टेट कोटे की प्रथम चरण की काउंसलिंग पूरी हो गई है। इसके साथ ही बारां मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। अब दूसरे चरण की काउंसलिंग शुरू होगी। कॉलेज प्रशासन के अनुसार अक्टूबर के पहले सप्ताह से एमबीबीएस का नया सत्र शुरू होने की उम्मीद है। मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. सीपी मीणा ने बताया कि नीट यूजी के तहत प्रवेश कार्यक्रम चल रहा है। ऑल इंडिया कोटे की पहली काउंसलिंग के बाद अब स्टेट कोटे की प्रथम चरण की काउंसलिंग भी पूरी हो चुकी है। बारां मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की कुल 100 सीटों पर प्रवेश दिया जाना है। उन्होंने बताया कि स्टेट कोटे की प्रथम चरण की काउंसलिंग के लिए बारां मेडिकल कॉलेज की ओर से काउंटर लगाया गया था। इस चरण में 51 स्टूडेंट्स को बारां मेडिकल कॉलेज आवंटित हुआ, जिन्होंने कॉलेज के लिए रिपोर्टिंग भी कर दी है। इनमें 30 स्टूडेंट्स को मैनेजमेंट कोटा और 21 को गवर्नमेंट सीट के तहत प्रवेश दिया गया है। ऑल इंडिया कोटे से 15 को आवंटन ऑल इंडिया कोटे की प्रथम चरण की काउंसलिंग में बारां मेडिकल कॉलेज को 15 स्टूडेंट्स आवंटित हुए थे। इनमें से अभी तक 3 स्टूडेंट्स ने कॉलेज में रिपोर्टिंग दी है। शेष सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया काउंसलिंग के आगामी चरणों के अनुसार आगे बढ़ेगी। दूसरे चरण के बाद तस्वीर होगी साफ कॉलेज प्रशासन के अनुसार अब नीट यूजी की दूसरे चरण की काउंसलिंग शुरू होगी। इसमें सीट आवंटन के बाद रिपोर्टिंग और प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। दूसरे चरण के बाद कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की 100 सीटों में प्रवेश की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। कॉलेज प्रशासन को उम्मीद है कि अक्टूबर के पहले सप्ताह से नया एमबीबीएस सत्र शुरू हो जाएगा।