बारां जिले में शाहबाद इलाके में रैपी नदी पूरे उफान पर बह रही है। यहां चौराखेड़ी के पास रैपी नदी की पुलिया के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी बह रहा है। इसके बावजूद लोग अपनी जान जोखिम में डालकर बाइक और पैदल ही पुलिया पार कर रहे है। इस दौरान कुछ युवक अपनी बाइक को कंधे पर उठाकर पुलिया पार कर गए। लोगों की इस लापरवाही के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। नदी-नाले उफान पर दरअसल जिले सहित कई जगह पर झमाझम बारिश हो रही है। परवन, पार्वती नदी में जमकर पानी का आवक हो रही है। लगातार 2 दिन से हो रही बारिश के चलते रातई, लाहसी डेम सहित कई तालाब तालाब में वेस्ट वियर में चादर चल रही है वहीं शाहबाद क्षेत्र में पिछले 2 दिनों से हो रही झमाझम बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। क्षेत्र की सभी नदी-नाले उफान पर हैं। सिरसा नदी सहित दर्जनों नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। रैपी नदी की पुलिया पर हादसे का डर शाहबाद की जीवनदायिनी कही जाने वाली रैपी नदी भी पूरे उफान पर है। चौराखेड़ी के पास रैपी नदी की पुलिया के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी बह रहा है। इसके बावजूद लोग अपनी जान जोखिम में डालकर बाइक और पैदल ही पुलिया पार कर रहे हैं। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। गौरतलब है कि ठीक 7 दिन पहले इसी रैपी नदी में होडापुरा के पास पुलिया पार करते समय एक ताऊ और उसका भतीजा बाइक सहित तेज बहाव में बह गए थे। दोनों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इतनी बड़ी घटना के बाद भी लोग सबक नहीं ले रहे हैं। प्रशासन की ओर से न तो पुलिया पर कोई बैरिकेडिंग की गई है और न ही पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है, जिससे लोग बेरोकटोक आवाजाही कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि उफनती पुलिया पर तुरंत आवागमन रोका जाए, पुलिस जाब्ता तैनात किया जाए और वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि किसी और बड़ी अनहोनी को टाला जा सके।