बाड़मेर डीएसटी और रामसर थाना पुलिस ने रामसर थाना क्षेत्र के रोडी नाडी गांव में दबिश देकर खेत में बनी झोपड़ी से 19 किलो 650 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है। सूचना के बाद घर पर दी दबिश एसपी चूनाराम जाट ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने और वांटेड आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी नितेश आर्य और डीएसपी पदमदान के सुपरविजन में डीएसटी व थाना पुलिस की टीम गठित की गई थी। इसी दौरान डीएसटी टीम को सूचना मिली कि रामसर थाना क्षेत्र के मौजा रोडी नाडी गांव निवासी थानाराम पुत्र तेजाराम अवैध मादक पदार्थ की सप्लाई करता है। सूचना को पुख्ता करने के बाद डीएसटी ने रामसर थाना पुलिस के साथ मिलकर आरोपी के घर पर दबिश दी। प्लास्टिक कट्टों में छिपाकर रखा था डोडा-पोस्त पुलिस टीम ने तलाशी ली तो आरोपी के खेत में बनी झोपड़ी में प्लास्टिक के कट्टों में छिपाकर रखा गया डोडा-पोस्त बरामद हुआ। वजन करने पर कुल 19 किलो 650 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी थानाराम को गिरफ्तार कर लिया। अब सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी डोडा-पोस्त कहां से लेकर आया था और इसे आगे किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब आरोपी से जुड़े मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क और संभावित सप्लायरों की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के आधार पर मामले में आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।