राजसमंद | निकाय चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को एसडीएम कार्यालय के बाहर सियासत का अलग रंग देखने को मिला। वार्ड 9 से कांग्रेस प्रत्याशी मांगीलाल टांक और भाजपा प्रत्याशी चम्पालाल कुमावत आमने-सामने आए तो कुछ पल के लिए चुनावी प्रतिद्वंद्विता पीछे छूट गई। नामांकन दाखिल करने पहुंचे चम्पालाल ने वरिष्ठ प्रत्याशी टांक के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। टांक ने भी उन्हें गले लगा लिया। दोनों के आत्मीय मिलन पर समर्थकों के चेहरे खिल उठे। समर्थकों ने मजाकिया अंदाज में टांक से चम्पालाल को ‘विजय भव’ का आशीर्वाद देने की मांग की, जिससे माहौल हंसी-खुशी में बदल गया। टांक छठी बार चुनाव मैदान में हैं, जबकि चम्पालाल पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं।