ब्यावर नगर परिषद आम चुनाव 2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया में शनिवार को तेजी देखने को मिली। नामांकन के तीसरे दिन 109 अभ्यर्थियों ने 117 नाम निर्देशन पत्र जमा कराए। इसके साथ ही नगर परिषद के सभी 60 वार्डों के लिए अब तक कुल 119 नामांकन पत्र दाखिल हो चुके हैं। शनिवार को सदस्य पद के लिए करीब 300 नाम निर्देशन पत्र वितरित किए गए, जबकि अब तक कुल 800 आवेदन पत्र वितरित हो चुके हैं। 31 अगस्त तक दाखिल होंगे नामांकन नगर परिषद चुनाव के लिए नामांकन पत्र 27 से 31 अगस्त 2026 तक प्राप्त किए जा रहे हैं। 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार होने के कारण इन दोनों दिनों में नामांकन पत्र जमा नहीं किए जाएंगे। अंतिम दिन 31 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक सहायक रिटर्निंग अधिकारी निर्धारित नामांकन स्थलों पर आवेदन पत्र प्राप्त करेंगे। 500 अभ्यर्थियों ने जमा कराई अमानत राशि नामांकन प्रक्रिया के साथ प्रतिभूति एवं निक्षेप राशि यानी अमानत राशि जमा कराने का काम भी जारी है। यह राशि 27 अगस्त से रिटर्निंग अधिकारी, उपखंड कार्यालय ब्यावर और निर्धारित नामांकन स्थलों पर जमा की जा रही है। शनिवार तक करीब 500 अभ्यर्थी अमानत राशि जमा करा चुके हैं। नामांकन स्थलों पर हेल्प डेस्क अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रत्येक नामांकन स्थल पर हेल्प डेस्क संचालित की गई है। यहां नामांकन पत्र भरने से जुड़ी जानकारी और आवश्यक सहायता दी जा रही है। रविवार, 30 अगस्त को भी सुबह 10:30 बजे से हेल्प डेस्क उपलब्ध रहेगी, ताकि अभ्यर्थियों को नामांकन प्रक्रिया से संबंधित किसी तरह की परेशानी न हो। 1 सितंबर को होगी नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे से कार्यालय उपखंड अधिकारी ब्यावर के सभागार (पुराना वीसी हॉल) में की जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी 3 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी के आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।