ब्यावर नगर परिषद के लिए आखिरकार कांग्रेस ने अपनी प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष किशोरसिंह चौधरी के हस्ताक्षर से जारी हुई इस सूची के साथ ही कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतार दिया है। सूची जारी होने के बाद अब नगर परिषद के 60 वार्डों में चुनावी तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। कांग्रेस की ओर से जारी सूची में कई ऐसे चेहरों को भी टिकट दिया गया है, जिन्होंने पूर्व में भाजपा से टिकट की दावेदारी की थी। भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद इन दावेदारों ने कांग्रेस का दामन थामा और पार्टी ने उन्हें अपने प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतार दिया है। इस स्थिति से कई वार्डों में मुकाबला दिलचस्प होने के साथ-साथ दोनों प्रमुख दलों के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन गया है। नगर परिषद चुनाव में इस बार टिकट वितरण को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में लंबे समय तक मंथन चलता रहा। कई वार्डों में टिकट के लिए एक से अधिक दावेदार सामने आने के कारण पार्टी नेतृत्व को प्रत्याशियों के चयन में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कांग्रेस की सूची जारी होने के बाद अब टिकट से वंचित दावेदारों की अगली रणनीति पर भी राजनीतिक दलों की नजर रहेगी। वहीं, ब्यावर नगर परिषद के लिए राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने भी 12 प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। ब्यावर नगर परिषद पार्षद के लिए 635 नामांकन ब्यावर नगर परिषद चुनाव 2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार को संपन्न हो गई। अंतिम दिन 516 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए, जिससे कुल आवेदनों की संख्या 635 हो गई है। यह नामांकन 60 वार्डों के लिए जमा किए गए हैं। नामांकन पत्र जमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित थी। सोमवार को दोपहर 3 बजे तक 516 नामांकन पत्र जमा हुए। इससे पहले, नामांकन प्रक्रिया के दौरान 119 नामांकन पत्र पहले ही दाखिल किए जा चुके थे। नामांकन के अंतिम दिन सुबह से ही उपखंड अधिकारी कार्यालय और अन्य नामांकन केंद्रों पर प्रत्याशियों व उनके समर्थकों की भीड़ देखी गई। विभिन्न राजनीतिक दलों के अधिकृत उम्मीदवारों के साथ-साथ बड़ी संख्या में निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी अपने आवेदन जमा किए। अब नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशासन द्वारा नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद नाम वापसी की प्रक्रिया होगी, जिसके उपरांत चुनाव मैदान में वास्तविक रूप से डटे प्रत्याशियों की अंतिम सूची स्पष्ट होगी। ब्यावर नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए कुल 635 नामांकन पत्र जमा होने से इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प होने की संभावना है।