गंगापुर सिटी इलाके की बाटोदा थाना पुलिस ने एक युवक की हत्या के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला भंवरकी गांव का है। यहां 28 अगस्त की सुबह जितेंद्र मीना का शव हीरा बाबा की छतरी के पास तालाब की पाल की ढलान पर मिला था। पुलिस के मुताबिक भंवरकी निवासी रामोतार मीना ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका बड़ा भाई जितेंद्र 27 अगस्त को खेत पर काम करने गया था। शाम को वह गांव के कुछ लोगों के साथ हीरा बाबा की छतरी पर था। आरोप है कि वहां विमल उर्फ पायलेट ने जितेंद्र के साथ हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट की थी। अगले दिन सुबह जितेंद्र का शव तालाब की पाल की ढलान पर मिला। रिपोर्ट के आधार पर बाटोदा थाने में हत्या सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। गहन पूछताछ और जांच के बाद पुलिस ने विमल उर्फ पायलेट मीना (38) और शक्ति मीना (28) को गिरफ्तार किया। ये दोनों भंवरकी गांव के रहने वाले हैं। थानाधिकारी भोजाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस अभी मामले की आगे जांच कर रही है।