ACB ने अटल बंद थाने में तैनात ASI गोविंद मीणा को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। ASI ने परिवादी से क्रॉस केस में मदद करने के एवज में 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। ACB के एडिशनल एसपी अमित सिंह ने बताया कि परिवादी ने दो दिन पहले ACB कार्यालय में शिकायत दी थी। उसने बताया कि उसके साथ मारपीट हुई थी और इस संबंध में अटल बंद थाने में मामला दर्ज कराया गया था। दूसरे पक्ष की ओर से भी उसके खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कराया गया था। मदद करने के बदले मांगे 30 हजार रुपए मामले की जांच ASI गोविंद मीणा कर रहे थे। आरोप है कि कार्रवाई में मदद करने के बदले उन्होंने परिवादी से 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। शिकायत के बाद ACB ने रिश्वत की मांग का सत्यापन कराया। मंगलवार को परिवादी 15 हजार रुपए की पहली किस्त देने ASI के पास पहुंचा। इसी दौरान ACB की टीम ने कार्रवाई करते हुए ASI को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल ACB आरोपी ASI से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।