भीलवाड़ा में खराब पाई गई ईवीएम मशीनों को बदलकर रिजर्व ईवीएम मशीनें सोमवार को सौंपी गई। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी व जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू की मौजूदगी मेंरेंडमाइजेशन की प्रक्रिया हुई। इस दौरान संबंधित अधिकारी और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे। बता दें कि 2 सितंबर को ईवीएम का प्रथम रेंडमाइजेशन हुआ था। तब नगरपालिका वार ईवीएम आवंटित कर संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को उपलब्ध करा दी गई थी। इसके बाद 4 सितंबर को दूसरा रेंडमाइजेशन हुई। इस प्रक्रिया के तहत मतदान केन्द्रवार ईवीएम आवंटित की गई। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान तकनीकी कारणों से खराब पाई गई ईवीएम को सोमवार को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अलग करके उनके स्थान पर उपलब्ध रिजर्व ईवीएम आवंटित की गई। ताकि मतदान के लिए जरूरी संख्या में सुचारू और त्रुटिरहित ईवीएम उपलब्ध रहें। सोमवार को नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान केन्द्रवार ईवीएम का आवंटन किया गया। यह प्रक्रिया नगर निगम भीलवाड़ा के साथ ही जिले की 6 नगर पालिकाओं- गंगापुर, हमीरगढ़, बनेड़ा, शाहपुरा, बीगोद और मांडलगढ़ के लिए की गई। इनकी रही मौजूदगी जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को ईवीएम के आवंटन, तैयारी एवं मतदान केन्द्रों तक पहुंचाने की प्रक्रिया में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी हरीतिमा एडीएम सिटी प्रतिभा देवटिया, निर्वाचन विभाग से कैलाश व्यास सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।