भीलवाड़ा में पुराने पांच लाख रुपए के विवाद में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सदर थाना क्षेत्र के सुवाणा-हलेड़ रोड पर 18 अगस्त को बंटी छीपा ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर मवेशी चरा रही लालीदेवी (46) पर कार चढ़ा दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी बंटी छीपा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब कार में उसके साथ सवार रहे साजिद उर्फ चांद, सरफू और मोहम्मद समीर को भी पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार वारदात के पीछे करीब डेढ़ साल पुराना जीप के किराए और पांच लाख रुपए के विवाद की बात सामने आई है। यह था पूरा मामला सदर सीआई प्रहलाद सहाय ने बताया - 18 अगस्त को प्रियदर्शिनी नगर निवासी किशन लौहार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उसने बताया कि वह सुवाणा के पास अभ्रक फैक्ट्री में काम करता है। आरोप है कि भीमगंज थाना क्षेत्र के भवानीनगर निवासी बंटी छीपा कार में तीन साथियों के साथ वहां आया था। बंटी ने पास ही मवेशी चरा रही किशन की मां लालीदेवी (46) पत्नी कैलाशचंद्र लौहार पर पीछे से कार चढ़ा दी। हादसे में महिला की मौत हो गई। आरोपी ने किशन को भी जान से मारने की धमकी दी थी। डेढ़ साल पुराना था जीप के किराए का विवाद पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे करीब डेढ़ साल पुराना कार-जीप किराए का विवाद था। किशन लौहार ने अपने चचेरे भाई के लिए करीब डेढ़ साल पहले बंटी छीपा के पिता से एक जीप किराए पर दिलवाई थी। इस जीप की गारंटी मृतका लालीदेवी के बेटे किशन ने ली थी। हादसे के बाद पुलिस ने जब्त कर ली थी जीप उसी रात पांसल के पास पुर थाना क्षेत्र में जीप की बाइक से टक्कर हो गई थी। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने जीप जब्त कर ली थी। जीप के कागज नहीं होने के कारण वह रिलीज नहीं हो पा रही थी। पुलिस के अनुसार इसी बात को लेकर बंटी छीपा किशन और उसकी मां से पांच लाख रुपए देने का दबाव बना रहा था। इसी पुराने विवाद के चलते वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। मुख्य आरोपी के साथ ये तीन गिरफ्तार पुलिस ने वारदात के दौरान बंटी छीपा के साथ कार में सवार रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें शास्त्रीनगर की हुसैन कॉलोनी निवासी साजिद उर्फ चांद पुत्र मेहरुद्दीन मंसूरी, सरफू पुत्र इलियास खान मेव और शास्त्रीनगर की गरीब नवाज कॉलोनी निवासी मोहम्मद समीर पुत्र मोहम्मद निजामुद्दीन अंसारी शामिल हैं। मुख्य आरोपी बंटी छीपा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। --- हत्या से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें … बेटे के सामने बदमाशों ने मां को कार से कुचला:दो बार स्विफ्ट चढ़ाई, तड़प-तड़पकर मौत; 5 लाख रुपए के लेन-देन में गारंटर थी महिला भीलवाड़ा जिले में 5 लाख रुपए के लेन-देन में गारंटर बनी महिला की बदमाशों ने उसके बेटे के सामने कार से कुचलकर हत्या कर दी। बदमाशों ने जाते- जाते महिला के बेटे को भी जान से मारने की धमकी दी। पूरी खबर पढ़िए