बीकानेर शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष और पूर्व आईपीएस अधिकारी मदन गोपाल मेघवाल पर मारपीट मामले में कांग्रेस कार्यकर्ता मोहित अरोड़ा पर मारपीट और SC-ST एक्ट में मामला दर्ज हुआ है। वहीं मोहित के पिता पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा और मोहित को पार्टी से 6 साल के लिए निष्काषित कर दिया है। फिलहाल मोहित फरार है और वीडियो जारी कर अपनी सफाई दे रहा है। आरोपी का दावा है कि उसकी टिकट चोरी हुई है, और उसके पास इसके सबूत हैं। उसके पास कांग्रेस नेताओं के ऑडियो हैं। एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया- मामले में अब तक 4 युवकों को डिटेन किया गया है। जयनारायण व्यास कॉलोनी थाने में मदन गोपाल मेघवाल ने कल रात मामला दर्ज करवाया था। इसमें मोहित अरोड़ा पुत्र दीपक अरोड़ा समेत अन्य के खिलाफ मारपीट और SC-ST एक्ट में मामला दर्ज करवाया है। एफआईआर में आरोप लगाया है कि मोहित अरोड़ा और उसके साथ आए युवकों ने उसके साथ थप्पड़ और मुक्के मारे। भागते हुए कुर्ता भी फाड़ दिया। इस मामले में आरपीएस अधिकारी अरविंद कुमार जांच कर रहे हैं। वीडियो में बोला- मेरा टिकट चोरी हो गया मोहित अरोड़ा ने इस मामले के बाद अपने 2 अलग-अलग वीडियो जारी करके सफाई दी है। उसने एक वीडियो में आरोप लगाया कि टिकट उसके नाम से जारी हुआ था लेकिन, पार्टी के कुछ नेताओं ने मिलकर ये टिकट चोरी कर लिया और दूसरे कार्यकर्ता को दे दिया। इस मामले में पूर्व शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत के साथ बातचीत का एक ओडियो भी जारी किया है। वहीं बीकानेर पूर्व के चुनाव प्रभारी के साथ बातचीत का भी एक ओडियो जारी किया गया है। मोहित ने एक वीडियो अपनी कार से बनाया है जबकि दूसरा वीडियो किसी जगह बैठकर बनाया है। दोनों वीडियो के आधार पर भी पुलिस छानबीन कर रही है। इसमें मोहित कहता नजर आ रहा है कि मैं कहीं भाग नहीं रहा हूं, मुझे फोन कर लें मैं खुद आ जाऊंगा। पिता 6 साल के लिए पार्टी से निष्काषित कांग्रेस के प्रदेश संगठन महासचिव ललित तुनवाल ने एक आदेश जारी करके दीपक अरोड़ा को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पत्र में कांग्रेस शहर अध्यक्ष के साथ मारपीट में उनकी लिप्तता मानते हुए इसे अत्यंत गंभीर माना है। अगले छह साल के लिए दीपक व मोहित अरोड़ा पार्टी से निष्कासित रहेंगे। पढ़ें मारपीट की ये खबर… बीकानेर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष को कार्यकर्ताओं ने पीटा, VIDEO:स्वागत करने के बहाने बाहर बुलाकर थप्पड़-मुक्के मारे; बोले- टिकट क्यों नहीं दिया बीकानेर शहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष और पूर्व IPS अफसर मदन गोपाल मेघवाल को पार्टी कार्यकर्ताओं ने चांटे और मुक्के मारे। पढ़ें पूरी खबर…