बीकानेर नगर निगम चुनाव में वार्ड संख्या 69 से भाजपा की लीला गहलोत निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं। इस वार्ड में भाजपा की लीला गहलोत और ममता सांसी के बीच ही मुकाबला था। कांग्रेस ने ममता सांसी को टिकट दिया था, लेकिन उन्होंने कांग्रेस की बजाय आरएलपी से अपना नामांकन दाखिल किया था। जबकि आरएलपी ने उन्हें अपना प्रत्याशी ही नहीं बनाया था। इस कारण मंगलवार को हुई स्क्रूटनी में उनका पर्चा खारिज हो गया। दो ही प्रत्याशी थे मैदान में जानकारी के अनुसार, वार्ड 69 से कुल दो प्रत्याशी मैदान में थे। भाजपा की लीला गहलोत ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था, जबकि ममता सांसी ने आरएलपी प्रत्याशी के तौर पर पर्चा भरा था। आरएलपी ने किसी तरह का टिकट ममता सांसी के नाम से जमा नहीं कराया और कांग्रेस ने अपनी लिस्ट में उसका नाम दिया था। नामांकन प्रक्रिया और जांच के बाद लीला गहलोत के सामने कोई दूसरा प्रभावी प्रत्याशी नहीं रहने से निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। कांग्रेस का टिकट, आरएलपी के नाम से भरा पर्चा ममता सांसी को कांग्रेस की ओर से टिकट दिए जाने की जानकारी थी, लेकिन नामांकन के दौरान उन्होंने आरएलपी के प्रत्याशी के रूप में पर्चा दाखिल किया। ऐसे में वार्ड में भाजपा और आरएलपी के बीच मुकाबला लग रहा था, लेकिन अब लीला गहलोत के निर्विरोध निर्वाचन के साथ वार्ड 69 में चुनावी मुकाबला खत्म हो गया है। नापासर में कांग्रेस नेता का नामांकन निरस्त नापासर नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस के नेता रतिराम तावनिया का नामांकन पत्र खारिज हो गया। रतिराम तावनिया वार्ड नंबर 23 से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में थे। नामांकन जांच के दौरान उनका पर्चा खारिज हो गया।