निकाय चुनाव के बीच शनिवार शाम भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री रोहन गुप्ता सीकर आए। सीकर में भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ सहित पदाधिकारियों की बैठक ली। मीडिया से बातचीत में रोहन गुप्ता ने कहा- भारतीय जनता पार्टी राजस्थान में इस बार ट्रिपल इंजन की निकाय सरकार बनाएगी। पूरी पार्टी एकजुट होकर चुनाव में लगी हुई है। दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी में नेताओं ने टिकटों का वितरण भी अपनी मर्जी से कर दिया। अपने करीबी लोगों को टिकट दिया। कांग्रेस पार्टी में कार्यकर्ताओं को सम्मान नहीं दिया जा रहा। कांग्रेस पार्टी के पास विपक्ष में रहते हुए मौका था कि वह निकाय चुनाव में परफॉर्म करें, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों को देखकर ऐसा बिल्कुल भी नहीं लग रहा है। रोहन गुप्ता ने कहा- वर्तमान में पार्टी के हर एक कार्यकर्ता को यह संकल्प ले लेना चाहिए कि वार्ड में रहने वाले हर एक मेंबर को वह टच करें। पार्टी, प्रत्याशी के बारे में बताकर मतदान के लिए अपील करें। गुप्ता ने कहा- निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी हर जगह अपने संकल्प पत्र जारी कर रही है। उन्हें संकल्प पत्र नहीं बल्कि भ्रष्टाचार पत्र लाने चाहिए। क्योंकि उन्होंने सत्ता में रहते हुए केवल भ्रष्टाचार ही किया है।