बांसवाड़ा नगर परिषद चुनाव में वार्ड 17 इस समय राजनीतिक गलियारों में सबसे चर्चित सीट बना हुआ है। यहां मुकाबला दिलचस्प हो गया है, क्योंकि भाजपा से सभापति के मुख्य दावेदार माने जा रहे भाजपा नेता राजेश कटारा चुनाव मैदान में हैं। उनके सामने कांग्रेस ने गौतम मईड़ा को प्रत्याशी बनाया है। इनके अलावा निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राजेश कटारा के पास लंबा राजनीतिक अनुभव भाजपा उम्मीदवार राजेश कटारा को राजनीति का लंबा और गहरा अनुभव है। वह इससे पहले छोटी सरवन पंचायत समिति के प्रधान पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा राजेश कटारा जिला परिषद में घाटोल क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके हैं और वहां शानदार जीत हासिल कर चुके हैं। इस बार उन्हें भाजपा की ओर से सभापति पद का मुख्य दावेदार माना जा रहा है। वार्ड 17 में कुल 854 मतदाता हैं, जो इस चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। प्रचार में बच्चों से लेकर महिलाएं तक शामिल वार्ड 17 में चुनावी पारा अपने चरम पर है। प्रत्याशियों के प्रचार के दौरान वार्ड का माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंगा नजर आ रहा है। चुनाव प्रचार में छोटे-छोटे बच्चों से लेकर पुरुष और स्थानीय महिलाएं भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। भाजपा प्रत्याशी राजेश कटारा के समर्थन में समर्थक हाथों में भाजपा का झंडा थामे और नारेबाजी करते हुए नजर आ रहे हैं। समर्थक अपने प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी भी प्रचार में जुटे इस हॉट सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी गौतम मईड़ा भी लगातार प्रचार करते दिखाई दे रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस के दोनों प्रत्याशी अपने-अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे हैं। खास बात यह है कि राजेश कटारा और गौतम मईड़ा के चुनाव कार्यालय भी एक-दूसरे के पास-पास ही हैं। ऐसे में दोनों प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार भी एक-दूसरे के आसपास ही नजर आ रहा है। वार्ड 17 में भाजपा के राजेश कटारा, कांग्रेस के गौतम मईड़ा के साथ निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं। अब चुनाव परिणाम ही तय करेंगे कि इस वार्ड से कौन जीत हासिल करता है।