राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शनिवार को कश्मीर में 7 ठिकानों पर छापेमारी की। कुलगाम में 2, बांदीपोरा में 3 और सोपोर में 2 जगहों पर तलाशी ली गई। इस दौरान NIA की टीमों के साथ स्थानीय पुलिस और सुरक्षाकर्मी भी मौजूद रहे। अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स से जुड़ी कथित आतंकी साजिश की जांच के तहत की गई है। एजेंसी ऐसे स्थानीय ओवर ग्राउंड वर्कर्स (OGW) के नेटवर्क की जांच कर रही है, जिन पर घुसपैठ कर आए आतंकियों को रहने, आने-जाने और दूसरी तरह की मदद देने का शक है। यह मामला पहले श्रीनगर के जकूरा पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 0024/2026 के रूप में दर्ज किया गया था। बाद में NIA ने इसे अपने हाथ में लेकर RC-02/2026/NIA/JMU के रूप में दोबारा दर्ज किया। मामले में गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) की धारा 23, आर्म्स एक्ट की धारा 7 और 25 तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 के तहत केस दर्ज है। छापेमारी में क्या बरामद हुआ है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। आज की बाकी बड़ी खबरें… पुणे में गणेशोत्सव पर शराब बैन का मामला हाईकोर्ट पहुंचा, फटकार के बाद प्रतिबंध 10 से घटाकर 2 दिन हुआ बॉम्बे हाईकोर्ट ने शुक्रवार को पुणे प्रशासन को गणेश उत्सव के दौरान 10 दिनों तक शराब पर प्रतिबंध लगाने के लिए फटकार लगाई और पूछा कि जिले को ही क्यों निशाना बनाया गया। इसके बाद अधिकारियों को प्रतिबंध को केवल दो दिनों तक सीमित करने के लिए मजबूर होना पड़ा। 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी है जबकि 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी है जब विसर्जन जुलूस निकाले जाएंगे। होटल मालिकों और शराब की दुकानों के मालिकों के संघों ने पुणे कलेक्टर के गणेश उत्सव के दौरान 10 दिनों तक शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के आदेश को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट का रुख किया था। मदुरै में मीनाक्षी अम्मन टेम्पल के पास बंद पड़े सेंट्रल थिएटर में आग, कोई हताहत नहीं मदुरै में मीनाक्षी अम्मन मंदिर के पास एक बंद पड़े सेंट्रल थिएटर में आग लग गई। इस घटना में किसी की जान के नुकसान की खबर नहीं है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका। आग से बिल्डिंग की छत अंदर की तरह ही गिर पड़ी। दमकल की कई गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। पश्चिम बंगाल: कांग्रेस ने रेजीनगर, नंदीग्राम उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए कांग्रेस ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिश है। रेजीनगर से मोहम्मद अब्दुल्लाहिल कैफी और नंदीग्राम से मिलन प्रधान को अपना उम्मीदवार घोषित किया। जामिया के JK गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं का फिर प्रदर्शन जामिया मिल्लिया इस्लामिया के JK गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं ने मेस में खाने की व्यवस्था और प्रशासन के रवैये के खिलाफ अपना प्रदर्शन फिर शुरू कर दिया है। AISA JMI ने छात्राओं के प्रदर्शन के समर्थन में खड़े होने की बात कही है। AISA JMI के मुताबिक, 11 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे छात्राओं ने फिर प्रदर्शन शुरू किया। संगठन का आरोप है कि पिछले प्रदर्शन के दौरान प्रशासन ने छात्राओं की कुछ मांगों को लिखित रूप में स्वीकार किया था, लेकिन बाद में प्रशासन उन मांगों से पीछे हट गया।