बूंदी जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी चारू (आईएएस) ने गुरुवार को पंचायत समिति हिंडोली का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी कर्मचारी सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना कार्यालय नहीं छोड़ेगा। योजनाओं की प्रगति जानी, काम में तेजी के निर्देश सीईओ ने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी योजना प्रभारियों से ली। उन्होंने योजना के कामों में तेजी लाने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए। सभी योजना प्रभारियों को रोजाना ग्राम पंचायतवार प्रगति की समीक्षा करने को कहा गया। दो दिन में मस्टररोल, तुरंत शुरू हों काम सीईओ ने वीबी-जी राम जी योजना के तहत समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री बजट घोषणा के तहत स्वीकृत कार्यों के लिए दो दिन में मस्टररोल जारी कर काम शुरू करवाने को कहा। साथ ही आवास स्वीकृत होते ही लाभार्थी के लिए मस्टररोल जारी करने के निर्देश दिए। सोमवार को होगा ‘आवास सखी कार्यक्रम’ का प्रशिक्षण हर पंचायत समिति में सोमवार को ‘आवास सखी कार्यक्रम’ के तहत प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसमें स्वयं सहायता समूह की कार्यकर्ताओं को गहन प्रशिक्षण देने को कहा गया, ताकि आवास योजना से जुड़े कामों में प्रभावी तरीके से सहयोग लिया जा सके। रोज अपडेट हो रिकॉर्ड, लापरवाही पर होगी कार्रवाई सीईओ ने सभी योजनाओं का रिकॉर्ड रोजाना अपडेट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों की प्रगति में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। संपर्क पोर्टल की शिकायतों में देरी पर नाराजगी निरीक्षण के दौरान संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का समय पर निस्तारण नहीं होने पर सीईओ ने नाराजगी जताई और संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। शिकायतों की समय पर जांच कर उनका निस्तारण किया जाए और सिर्फ आश्वासन देने के बजाय वास्तविक समस्या का समाधान किया जाए। मामलों का रोजाना फॉलोअप लेने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मजहर इमाम भी मौजूद रहे।