बूंदी में मंगलवार को ऐतिहासिक कजली तीज महोत्सव मनाया गया। इस मौके पर तीज माता की भव्य सवारी निकाली गई। यह सवारी धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और राजस्थानी परंपराओं के रंगों में रंगी नजर आई। शहर में दिनभर उत्साह का माहौल रहा। सवारी के रास्ते में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उमड़े और जगह-जगह तीज माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। नगर परिषद बूंदी के आयुक्त ब्रजेश राय और सचिव आशा मीणा ने तीज माता की रीति-रिवाज और परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना की। इसके बाद सवारी को रवाना किया गया। पूजा के बाद तीज माता की प्रतिमा को एक सजे हुए रथ में रखा गया और गाजे-बाजे के साथ सवारी आगे बढ़ी।