बूंदी में नगर निकाय चुनाव के लिए राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बूंदी नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। सोमवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन रहा, जिसके चलते सभी दलों में गहमागहमी बनी रही। नामांकन का अंतिम दिन होने के कारण जिला निर्वाचन कार्यालय में सुबह से ही भारी भीड़ रही। जिले में एक नगर परिषद बूंदी और 7 नगरपालिकाएं शामिल हैं। इनमें केशवरायपाटन, लाखेरी, इंद्रगढ़, नैनवां, हिंडोली, कपरेन और देई नगरपालिकाएं हैं। अब बगावत रोकने का दौर नामांकन के अंतिम दिन भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दल अपने-अपने उम्मीदवारों में संभावित बगावत को रोकने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। भाजपा के जिला प्रभारी इंद्रमल सेठिया पिछले 5 दिनों से बूंदी में डेरा डाले हुए हैं। इस दौरान उन्होंने लगातार मैराथन बैठकें कीं। बूंदी नगर परिषद के 60 वार्डों की पहली सूची शाम 4 बजे तक जारी की गई। बाकी नगरपालिकाओं की सूची भी जल्द जारी होने की संभावना है।