बूंदी के तालेड़ा थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन से एक दिन पहले हुए हादसे ने त्योहार की खुशियां मातम में बदल दीं। मध्य प्रदेश से अपने चचेरे भाइयों को राखी बांधने आई 11 वर्षीय कुंजन की नहर में डूबने से मौत हो गई। जिस घर में रक्षाबंधन की तैयारियां चल रही थीं, वहां हादसे के बाद शोक का माहौल है। चचेरे भाइयों के साथ नहर पर गई थी कुंजन मृतका कुंजन अपने परिवार के साथ मध्य प्रदेश में रहती थी। रक्षाबंधन के अवसर पर वह अपने चाचा के घर तालेड़ा आई हुई थी। तालेड़ा थाने के ASI पवन कुमार ने बताया कि गुरुवार शाम कुंजन अपने दो चचेरे भाइयों के साथ नहर किनारे नहाने गई थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। भाइयों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया कुंजन को पानी में डूबता देख उसके भाइयों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हादसे की जानकारी मिलते ही तालेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू करवाया। आधे घंटे की तलाश के बाद मिला शव पुलिस ने बूंदी से सिविल डिफेंस की बचाव टीम को मौके पर बुलाया। सिविल डिफेंस के बचावकर्मी युधिष्ठिर मीणा के अनुसार, टीम ने करीब आधे घंटे तक नहर में तलाशी अभियान चलाया। काफी प्रयासों के बाद कुंजन के शव को पानी से बाहर निकाला जा सका। पिता और परिजनों को दी सूचना पुलिस ने शव को तालेड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। ASI पवन कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मध्य प्रदेश में रह रहे बच्ची के पिता और अन्य परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।